Shownotes
भूख थी । अरुण कुमार सिंह
क्यूंकि चीख से पहले ली गई साँस मेरा बचपन था।
क्यूंकि आँख खोलने से पहले मैं अपना नाम खोजता था।
क्यूँकि मैं पिता होने से डरता था।
क्यूंकि सुबह खिड़की खोली और सुबह से पहले सुबह की उम्मीद भीतर आई। और मैंने एक सिगरेट पी।
क्यूंकि पीड़ा पीछे ना छूटे इसलिए मैं धीमे चलता था।
क्यूंकि हँसने की क्लास में झूठ बोलने की सज़ा के लिए मुझे क्लास से बाहर खड़ा कर देते थे।
क्यूंकि आवाज़ें थीं। और उनकी भाषा नहीं आती थी।
पर वो देह पर चिपकती थीं
और शोर करती थीं।
क्यूँकि मेरे हाथों में अपना ही ख़ून था जैसे आग लगी तितली।
क्यूँकि घर से निकलते हुए माँ ने हाथ चूमकर कहा था इस बार सब अच्छा होगा और फिर देर तक मेरा जाना देखती रहीं। मेरे जाने के बाद भी।
मेरे लौट आने के बाद भी।
वो मेरा जाना देखती हैं लगातार। कितने वादों के बाद भी उन्हें भरोसा नहीं दिला पाता कि मैं लौट आया।
क्यूँकि मैंने झूठ बोले इतने सच के साथ कि बाद में अंतर करना मुश्किल हो गया। और नदी डूब गई।
क्यूंकि मैं नदी का शोकगीत था।
क्यूंकि हमने क़सम खायी थी कि हम साथ रहेंगे और फिर अपने अपने हिस्से की दीवार लेकर चले गए। छत अब भी वहीं हैं।
क्यूंकि प्रेम नाम का जानवर विलुप्त हो रहा था। और किसी को उससे फर्क नहीं पड़ता था। क्यूंकि वो फ़ूडचैन का हिस्सा नहीं था।
क्यूंकि देह ने जिस दिन पलटकर मुझसे खेलना शुरू किया तो मैं सह नहीं पाया।
क्यूंकि मेरे घर में एक छोटे सूरज ने अपनी जान दे दी थी और आसमान नहीं बचा था उसे गाड़ने के लिए।
क्यूंकि समय मेरा पिता था।
क्यूंकि कच्चा नाखून काटने के लिए क़ानून में कोई सज़ा नहीं लिखी।
क्यूँकि मैं भूख की गर्दन भींचकर बैठा था।
क्यूँकि पिता ने भविष्यवाणी की थी कि मैं बर्बाद हो जाऊँगा।
और माँ मूक आँसू रोई थी।
क्यूँकि पिता ने जब समय पूछा तो मैंने हमेशा झूठ बोला कि
अच्छा है।
पहले है।
बाद में है।
ठीक समय कभी नहीं बताया
क्यूँकि कहना था।
क्यूँकि मैं था - जैसे
जैसे जीवन था
और बहुत था
बहुत ज़्यादा था।
Website: share.transistor.fm

